राज्य
26-Apr-2026
...


:: कोटा में यदुवंशी समाज के सामूहिक विवाह सम्मेलन में गरजे मुख्यमंत्री, कहा- पीकेसी प्रोजेक्ट बनेगा आर्थिक समृद्धि का नया आधार :: इंदौर/कोटा (ईएमएस)। मध्यप्रदेश और राजस्थान के बीच पार्वती-कालीसिंध-चंबल (पीकेसी) अंतर्राज्यीय परियोजना न केवल जल संकट का समाधान करेगी, बल्कि दोनों राज्यों की आर्थिक समृद्धि के द्वार भी खोलेगी। यह बात मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कोटा जिले के रींछी में आयोजित यदुवंशी अहीर समाज के 38वें निःशुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन में कही। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आशीर्वाद से स्वीकृत यह परियोजना दोनों राज्यों के किसानों के लिए वरदान साबित होगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने संबोधन में मध्यप्रदेश को नदियों का मायका बताते हुए कहा कि चंबल मैया का आशीर्वाद मध्यप्रदेश और राजस्थान दोनों ही प्रांतों पर समान रूप से बरस रहा है। उन्होंने राजस्थान और मध्यप्रदेश को जोड़ीदार प्रदेश बताते हुए कहा कि पीकेसी परियोजना के जरिए दोनों राज्यों के सीमावर्ती क्षेत्रों में कृषि विकास की नई इबारत लिखी जाएगी। सामूहिक विवाह सम्मेलन की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के दौर में दिखावे और खर्चीले विवाहों ने गरीब परिवारों की कमर तोड़ दी है। उन्होंने अपना उदाहरण देते हुए कहा, मैंने अपने बेटे का विवाह भी पूरी सादगी से किया था। समाज को फिजूलखर्ची से बचाने के लिए सामूहिक विवाह सबसे सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि पाणिग्रहण संस्कार कुल और गोत्र को अमरता देते हैं, इसे आडंबर से दूर रखना ही सच्ची सेवा है। भगवान कृष्ण का स्मरण करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उन्होंने कंस वध के बाद सत्ता मोह का त्याग कर लोकतंत्र का अनूठा उदाहरण पेश किया था। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार कृष्ण पाथेय का विकास कर रही है, ताकि नई पीढ़ी उनके दिखाए धर्ममार्ग पर चल सके। :: समाज की प्रगति पर बोले लोकसभा अध्यक्ष :: कार्यक्रम में उपस्थित लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने यदुवंशी समाज की प्रगति पर गर्व जताया। उन्होंने कहा कि समाज के युवा न केवल शिक्षा के क्षेत्र में झंडे गाड़ रहे हैं, बल्कि सरहद पर तैनात होकर देश की रक्षा भी कर रहे हैं। उन्होंने समाज के इस निःशुल्क विवाह अभियान की सराहना की। :: सरकारें मिलकर कर रहीं काम : ऊर्जा मंत्री नागर राजस्थान के ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव समाज के गौरव हैं। उन्होंने बताया कि दोनों राज्यों की सरकारों के आपसी समन्वय का ही नतीजा है कि पीकेसी परियोजना पर आज तेज गति से काम हो रहा है। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर और विधायक महंत बाबा बालक नाथ ने भी फिजूलखर्ची रोकने के लिए समाज के इस कदम को अनुकरणीय बताया। इस भव्य आयोजन में बड़ी संख्या में संत-वृंद, जनप्रतिनिधि और यदुवंशी समाज के लोग उपस्थित रहे, जहाँ कई जोड़ों ने नए जीवन की शुरुआत की। प्रकाश/26 अप्रैल 2026