क्षेत्रीय
27-Apr-2026
...


मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई के अंधेरी इलाके में पुलिस ने एक बुजुर्ग महिला की हत्या के शक में एक दंपति को गिरफ्तार किया है। मिली जानकारी के मुताबिक, 24 अप्रैल को मुंबई महानगरपालिका के सफाई कर्मचारियों को अंधेरी पूर्व में नाले की सफाई के दौरान एक 80 वर्षीय महिला का शव मिला। कर्मचारियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए कूपर अस्पताल भेजा गया। शुरुआत में महिला की पहचान नहीं हो पाई थी क्योंकि उसके पास कोई पहचान पत्र नहीं मिला था। पुलिस ने महिला की तस्वीरें सभी थानों में भेजीं। बाद में उसके हाथों में पहनी चूड़ियों के आधार पर उसकी पहचान की गई। जांच में पता चला कि महिला के परिजनों ने पहले ही उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी और तस्वीरों में वही चूड़ियां साफ दिखाई दे रही थीं। पुलिस के अनुसार, महिला अविवाहित थी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि उसकी हत्या की गई थी, जिसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया। जांच के दौरान पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की और एक दंपति पर शक जताया। पूछताछ में दोनों संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस को शक है कि जनवरी में किसी विवाद के चलते दंपति ने महिला पर हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई, और बाद में शव को नाले में फेंक दिया। गिरफ्तार दंपति को कोर्ट में पेश किया गया है। फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी हुई है। संजय/संतोष झा- २७ अप्रैल/२०२६/ईएमएस