- मांगलिक कार्य में सम्मिलित होने गया था परिवार - ग्राम छाता पाठ में लाखों की लूट से दहशत कोरबा (ईएमएस) कोरबा-चांपा सड़क मार्ग अंतर्गत उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम छातापाठ में सुने मकान में चोरो ने धावा बोल दिया। बताया जा रहा हैं की परिवार मांगलिक कार्य में सम्मिलित होने गया था। चोरो ने सूने घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये के कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद पूरे गांव में भय और आक्रोश का माहौल व्याप्त है। जानकारी के अनुसार चोर अपने साथ टीवी, इंडक्शन चूल्हा, लगभग 30 तोला चांदी की पायल की एक जोड़ी, तीन लॉकेट और करीब 80 हजार से 1 लाख रुपये नकद लेकर रफूचक्कर हो गए। जब परिवार वापस लौटा तो घर का बिखरा सामान और टूटा ताला देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए। - लगातार चोरियों से सहमे ग्रामीण ग्रामीणों का आरोप लगाते हुए कहना है कि ग्राम छाता पाठ में चोरी की यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई घरों में चोरी की वारदात हो चुकी है, लेकिन पुलिस अब तक किसी भी मामले में ठोस कार्यवाही करने में नाकाम रही है। लगातार हो रही चोरियों ने गांववासियों की नींद उड़ा दी है और लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। - जांच में जुटी पुलिस पीड़ित परिवार की शिकायत पर उरगा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। - 27 अप्रैल