क्षेत्रीय
27-Apr-2026
...


मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई में सड़कों के गड्ढों की मरम्मत पर खर्च को लेकर उठे सवालों के बीच मुंबई महानगरपालिका ने बड़ा खुलासा किया है। नागरिक संगठन वॉचडॉग फाउंडेशन द्वारा खर्च पर सवाल उठाए जाने के बाद मनपा ने बताया कि इस साल गड्ढों की मरम्मत पर खर्च में बड़ी कमी आई है। मनपा के मुताबिक, इस वर्ष पूरे शहर के लिए कुल 93 करोड़ रुपये के टेंडर जारी किए गए हैं, जिसमें वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे और ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे भी शामिल हैं। इसमें से 50 करोड़ रुपये इन दोनों हाईवे के लिए, 40 करोड़ रुपये शहर की अन्य सड़कों के लिए और 3 करोड़ रुपये 6 मीटर से कम चौड़ी सड़कों के लिए निर्धारित किए गए हैं। मनपा अधिकारियों ने बताया कि हाईवे को छोड़कर अन्य सड़कों पर गड्ढों की मरम्मत का खर्च पिछले तीन वर्षों में लगातार घटा है। 2023 में यह खर्च 203 करोड़ रुपये था 2024 में घटकर 156 करोड़ रुपये हुआ 2025 में यह 90 करोड़ रुपये रहा जबकि 2026 में यह सिर्फ 40 करोड़ रुपये रह गया है अधिकारियों का कहना है कि सड़कों के कंक्रीटीकरण के कारण गड्ढों की समस्या में कमी आई है, जिससे खर्च भी घटा है। हालांकि, वॉचडॉग फाउंडेशन ने इस पर चिंता जताते हुए कहा कि कंक्रीटीकरण के बावजूद गड्ढों की मरम्मत पर बड़ा खर्च सवाल खड़े करता है। संगठन ने मनपा से करदाताओं के पैसे का पारदर्शी और जिम्मेदार उपयोग सुनिश्चित करने की मांग की है। फिलहाल, मनपा का दावा है कि आने वाले समय में सड़कों के कंक्रीटीकरण से गड्ढों की समस्या और कम होगी तथा खर्च में और गिरावट आएगी। स्वेता/संतोष झा- २७ अप्रैल/२०२६/ईएमएस