क्षेत्रीय
27-Apr-2026
...


नवी मुंबई, (ईएमएस)। नवी मुंबई में सीबीडी बेलापुर पुलिस ने एक सप्ताह की जांच के बाद फ्लाईओवर के नीचे मिले एक मजदूर की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका एक साथी अभी फरार है। पुलिस के अनुसार, 17 अप्रैल की सुबह नवी मुंबई महानगरपालिका मुख्यालय के पास फ्लाईओवर के नीचे एक व्यक्ति का शव मिला था। घटनास्थल से कोई पहचान पत्र या मोबाइल फोन नहीं मिलने के कारण मृतक की पहचान तुरंत नहीं हो सकी। जांच के दौरान आसपास के दिहाड़ी मजदूरों से पूछताछ करने पर मृतक की पहचान आकाश राठोड़ (31) के रूप में हुई, जो दूसरे क्षेत्र से काम की तलाश में आया था। जानकारी मिली कि वह अक्सर अपने दो दोस्तों के साथ उसी फ्लाईओवर के नीचे बैठकर शराब पीता था। पुलिस ने दोनों दोस्तों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू की। इनमें से एक आरोपी सुभाष धुर्वे (26) को तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर ट्रेस कर गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में धुर्वे ने बताया कि 16 अप्रैल की रात तीनों फ्लाईओवर के नीचे शराब पी रहे थे। इसी दौरान खाने के बंटवारे को लेकर विवाद हो गया। राठोड़ ज्यादा हिस्सा मांग रहा था और कह रहा था कि उसने खाने के लिए पैसे दिए हैं। इसी बात पर गुस्से में आकर धुर्वे और उसके साथी ने पास में पड़े बड़े पत्थर से राठोड़ के सिर पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। अगली सुबह 17 अप्रैल को महानगरपालिका के सफाई कर्मचारियों ने शव देखा और पुलिस को सूचना दी। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है और मामले की आगे जांच जारी है। संजय/संतोष झा- २७ अप्रैल/२०२६/ईएमएस