क्षेत्रीय
27-Apr-2026
...


इन्दौर (ईएमएस) समाज को नशामुक्त और स्वस्थ बनाने के उद्देश्य से सक्रिय मानव अधिकार एवं न्याय संस्थान द्वारा अहिरखेड़ी, हवा बंगला स्थित पंचमुखी गुरु व्यायाम शाला में नशा मुक्त जागरूकता एवं निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन राष्ट्रीय अध्यक्ष बद्री प्रसाद वर्मा के मार्गदर्शन एवं शहर अध्यक्ष विक्रांत ओबेरॉय तथा शहर सलाहकार रूपेश पाल के नेतृत्व में किया गया। शिविर में क्षेत्र के लगभग 150 से 200 नागरिकों जिनमें पुरुष, महिलाएं, बच्चे एवं वृद्धजन शामिल रहे ने स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श का लाभ उठाया। शिविर ने न केवल स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं, बल्कि समाज में नशा मुक्ति को लेकर जागरूकता का मजबूत संदेश भी दिया। शिविर में डॉ. आनंद शर्मा (फैमिली फिजिशियन) द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श एवं आवश्यकतानुसार दवाइयों का वितरण किया गया। लोगों को मधुमेह, रक्तचाप, पाचन समस्याएं एवं जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित विशिष्ट अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि “नशा न केवल व्यक्ति, बल्कि पूरे परिवार और समाज को कमजोर करता है। इससे दूर रहकर ही स्वस्थ और समृद्ध जीवन संभव है।” उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर पंचमुखी गुरु व्यायाम शाला के पं. मोहन हटकर, श्रीमती सोनम हटकर, नारकोटिक्स सेंट्रल ब्यूरो से विपिन यादव एवं अंकित कुशवाहा, अंकुर प्रगति महिला सेवा केन्द्र से दीपक राजपूत एवं राजेश विजयवर्गीय तथा विश्व हिंदू परिषद की सुश्री स्नेहा बोरासी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।कार्यक्रम में संस्थान की राष्ट्रीय महासचिव डॉ. संगीता मेंदोलिया, प्रदेश अध्यक्ष दिलीप गोगने, शहर अध्यक्ष विक्रांत ओबेरॉय सहित अन्य पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई। आनंद पुरोहित/ 27 अप्रैल 2026