दुर्ग(ईएमएस)। जिले में फरार अपराधियों और लंबित वारंटियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दुर्ग पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल के निर्देश पर चलाए गए अभियान में महज 24 घंटे के भीतर 88 स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई राजपत्रित अधिकारियों के नेतृत्व में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में गठित टीमों द्वारा की गई। पुलिस ने संभावित ठिकानों पर सघन तलाशी अभियान चलाते हुए वारंटियों को उनके घरों और छिपने के स्थानों से गिरफ्तार किया। अभियान के दौरान अलग-अलग थाना क्षेत्रों से बड़ी संख्या में गिरफ्तारी की गई दुर्ग से 3, मोहन नगर से 9, अंजोरा से 6, नगपुरा से 2, पद्मनाभपुर से 6, भिलाई नगर से 8, भिलाई भट्टी से 4, नेवई से 1, सुपेला से 14, स्मृति नगर से 4, वैशाली नगर से 3, छावनी से 1, जामुल से 7, खुर्सीपार से 3, पुरानी भिलाई से 4, उतई से 5, अमलेश्वर से 2 और नंदिनी थाना क्षेत्र से 6 कुल मिलाकर 88 स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य लंबित वारंटों का निराकरण और अपराध नियंत्रण को मजबूत करना है। आगे भी इसी तरह सघन अभियान चलाकर फरार आरोपियों पर लगातार शिकंजा कसा जाएगा। सत्यप्रकाश(ईएमएस)27 अप्रैल 2026