रायपुर (ईएमएस)। राजधानी रायपुर के पंडरी थाना क्षेत्र में पूर्व विधायक धनीराम साहू के बेटे द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान जय साहू (45) के रूप में हुई है, जो मोवा स्थित आदर्श नगर इलाके में अपने परिवार के साथ रहते थे। रविवार रात परिजनों ने पुलिस को सूचना दी कि जय साहू ने खुद को कमरे में बंद कर लिया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खुलवाने पर कमरे के भीतर जय साहू का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक पूछताछ में परिजनों ने बताया कि जय साहू पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थे। पुलिस के मुताबिक, पारिवारिक कारणों को लेकर उनकी पत्नी से विवाद भी हुआ था और घटना के समय पत्नी घर पर मौजूद नहीं थी। पुलिस को आशंका है कि इसी तनाव के चलते उन्होंने यह कदम उठाया होगा। फिलहाल पुलिस परिजनों और करीबियों से पूछताछ कर मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि मृतक के पिता धनीराम साहू वर्ष 1995 में अभनपुर से विधायक रह चुके हैं और क्षेत्र में उनका राजनीतिक प्रभाव रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और परिचित मौके पर पहुंचने लगे। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट पुष्टि हो सकेगी। - (ईएमएस) 27 अप्रैल 2026