क्षेत्रीय
27-Apr-2026
...


रायपुर (ईएमएस)। राजधानी के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में ऑनलाइन ठगी का बड़ा मामला सामने आया है, जहां एक डॉक्टर से फर्जी स्कीम के नाम पर 1,51,439 रुपये की धोखाधड़ी कर ली गई। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, पीड़िता पूजा किशोर रूम, जो बालगोपाल चिल्ड्रन हॉस्पिटल में डॉक्टर हैं, को 24 अप्रैल 2026 को व्हाट्सएप पर एक अज्ञात व्यक्ति ने संपर्क किया। आरोपी ने आकर्षक स्कीम का झांसा देकर उन्हें भरोसे में लिया और यूपीआई के माध्यम से अलग-अलग ट्रांजेक्शन करने के लिए प्रेरित किया। पीड़िता से कोटक महिंद्रा बैंक और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के खातों में अलग-अलग किस्तों में कुल 1,51,439 रुपये ट्रांसफर करवा लिए गए। खाते की लिमिट के कारण कुछ रकम उनके दोस्तों के खातों से भी ट्रांसफर कराई गई। जब आरोपी ने पैसे मिलने के बाद संपर्क बंद कर दिया, तब पीड़िता को ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 318(4) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। प्रारंभिक जांच में मामला साइबर फ्रॉड का पाया गया है, जिसमें व्हाट्सएप और यूपीआई प्लेटफॉर्म का उपयोग किया गया। पुलिस आरोपी की पहचान और लोकेशन ट्रेस करने के लिए तकनीकी जांच कर रही है। बैंक ट्रांजेक्शन डिटेल्स और मोबाइल नंबरों की जांच की जा रही है, वहीं साइबर सेल की मदद से यह पता लगाया जा रहा है कि रकम किन खातों में गई और उनके पीछे कौन लोग हैं। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक, स्कीम या व्हाट्सएप मैसेज पर भरोसा न करें और संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना दें। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का दावा कर रही है। - (ईएमएस) 27 अप्रैल 2026