क्षेत्रीय
27-Apr-2026
...


जांजगीर-चांपा (ईएमएस)। जिले के बलौदा थाना क्षेत्र अंतर्गत छाता जंगल में जंगली सूअर के शिकार के दौरान बिछाए गए करंट की चपेट में आकर एक युवक की मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में वीरेंद्र कुमार बंजारे, रामसिंह उर्फ नानदाउ, अक्षय बंजारे और मुकेश खुटे शामिल हैं। सभी आरोपी छाता जंगल के खिसोरा क्षेत्र में शिकार के इरादे से पहुंचे थे। जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने खुले जीआई तार को जंगल में फैलाकर उसमें बिजली प्रवाहित करने की योजना बनाई। इसके लिए अनिल लहरे नामक युवक को बिजली के खंभे पर चढ़ाया गया। वह लकड़ी के डंडे से 11 केवी लाइन से तार जोड़ने की कोशिश कर रहा था, तभी उसे जोरदार करंट लगा और वह नीचे गिर गया। हादसे के बाद आरोपी उसे तत्काल शासकीय अस्पताल बलौदा ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों को करंट के खतरे की पूरी जानकारी थी, इसके बावजूद बिना किसी सुरक्षा उपकरण के अपने साथी को खंभे पर चढ़ने के लिए कहा गया, जिससे यह हादसा हुआ। घटना के बाद थाना बलौदा में अपराध क्रमांक 81/2026 दर्ज किया गया। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1), 3(5) और विद्युत अधिनियम की धारा 135 के तहत कार्रवाई की गई है। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। - (ईएमएस) 27 अप्रैल 2026