रायपुर (ईएमएस)। रायपुर नगर निगम की विशेष सामान्य सभा में सोमवार को पक्ष और विपक्ष के पार्षदों के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। बैठक शुरू होने से पहले ही राजनीतिक माहौल गरमा गया और जल संकट जैसे गंभीर मुद्दे पर बहस को लेकर टकराव की स्थिति बन गई। विपक्षी पार्षदों ने शहर में बढ़ते जल संकट को लेकर चर्चा की मांग उठाई, लेकिन सभापति ने स्पष्ट कर दिया कि इस विषय पर दोनों पक्षों में सहमति नहीं बनने के कारण चर्चा नहीं कराई जाएगी। इस फैसले के बाद माहौल और ज्यादा गरमा गया। सभा से पहले भाजपा पार्षदों ने “कांग्रेस शर्म करो” के नारे लगाए और कांग्रेस पर महिला विरोधी होने का आरोप लगाया। विरोध दर्ज कराने के लिए महापौर समेत भाजपा पार्षद काले कपड़े पहनकर बैठक में पहुंचे, जिससे राजनीतिक तनाव साफ नजर आया। दरअसल, यह विशेष बैठक महिला सशक्तिकरण से जुड़े जनजागरूकता अभियान के लिए बुलाई गई थी, लेकिन शुरुआत से ही विवाद के कारण मुख्य मुद्दा पीछे छूट गया। संभावित हंगामे को देखते हुए नगर निगम परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। फिलहाल हंगामे के बीच बैठक की कार्यवाही जारी है। गौरतलब है कि 9 अप्रैल को हुई पिछली सामान्य सभा में भी कई मुद्दों पर जोरदार बहस हुई थी। सिटी कोतवाली चौक का नाम “जैन स्तंभ” रखने के प्रस्ताव को विपक्ष के विरोध के बाद निरस्त कर दिया गया था, जबकि अन्य प्रस्ताव बहुमत से पारित किए गए थे। - (ईएमएस) 27 अप्रैल 2026