क्षेत्रीय
27-Apr-2026
...


कवर्धा (ईएमएस)। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के जिला स्तर के नेता रवि चंद्रवंशी को दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी कवर्धा जिला किसान कांग्रेस संघ का अध्यक्ष है और उसकी शादी 7 मई को तय थी। पुलिस के अनुसार, रवि चंद्रवंशी को रायपुर से गिरफ्तार कर कवर्धा लाया गया। महिला थाने में दर्ज एफआईआर के बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया। पीड़िता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि आरोपी पिछले करीब 10 वर्षों से उसके साथ रिश्ते में था। इस दौरान शादी का झांसा देकर कई बार शारीरिक संबंध बनाए गए, लेकिन बाद में उसने शादी करने से इनकार कर दिया। रवि चंद्रवंशी कवर्धा में सक्रिय कांग्रेस नेता हैं। वे पहले जोगी कांग्रेस से पंडरिया विधानसभा सीट से चुनाव लड़ चुके हैं। करीब दो साल पहले उन्होंने कांग्रेस में वापसी की और उन्हें जिला किसान कांग्रेस संघ का अध्यक्ष बनाया गया था। मामला सामने आने के बाद उनकी कई तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं, जिनमें वे वरिष्ठ नेताओं के साथ नजर आ रहे हैं। कवर्धा एसडीओपी आशीष शुक्ला ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज किया गया है और आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। - (ईएमएस) 27 अप्रैल 2026