क्षेत्रीय
27-Apr-2026
...


रायगढ़ (ईएमएस)। शहर के संत विनोबा नगर मोहल्ले में एक निर्माण को लेकर रविवार को जमकर विवाद हो गया। ईसाई समुदाय द्वारा बनाए जा रहे चर्चनुमा भवन का स्थानीय लोगों ने विरोध किया, जिसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया।जानकारी के अनुसार, मोहल्ले के चौक पर प्रार्थना के लिए एक छोटा भवन बनाया जा रहा था। इसकी जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। बाद में बजरंग दल के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए और निर्माण को हटाने की मांग करने लगे। विवाद बढ़ने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि शासकीय जमीन पर कब्जा कर निर्माण किया जा रहा है और पहले से बने छोटे चबूतरे को बड़ा किया जा रहा है। तहसीलदार शिवकुमार डनसेना ने बताया कि जांच में पाया गया कि निर्माण नजूल (सरकारी) भूमि पर किया जा रहा था। इसके बाद प्रशासन ने जेसीबी की मदद से अवैध निर्माण को हटा दिया। प्रशासन के अनुसार, मौके पर कोई चर्च जैसा स्थायी ढांचा नहीं मिला, बल्कि एक सामान्य निर्माण किया जा रहा था, जिसे हटा दिया गया है। फिलहाल इलाके में स्थिति नियंत्रण में है और प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। - (ईएमएस) 27 अप्रैल 2026