रायगढ़ (ईएमएस)। जिले के तमनार थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया है। 33 वर्षीय युवती ने गुरुवार को थाने में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि वर्ष 2023 में एक मेट्रिमोनियल साइट के जरिए उसकी पहचान भिलाई नगर (दुर्ग जिला) निवासी लखन कुमार पटनायक (37 वर्ष) से हुई थी। आरोपी ने खुद को रेलवे में जूनियर इंजीनियर (JE) बताकर युवती को शादी का झांसा दिया। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और लखन कुमार लगातार शादी का भरोसा दिलाता रहा। पीड़िता के अनुसार, 14 दिसंबर 2025 को लखन कुमार उसके घर पहुंचा, जब उसके परिजन घर पर नहीं थे। इस दौरान आरोपी ने युवती का फायदा उठाकर जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद भी वह शादी का प्रलोभन देकर बार-बार उसके साथ संबंध बनाता रहा। जब युवती के परिवार ने सगाई और शादी की बात आगे बढ़ाई, तो लखन कुमार टालमटोल करने लगा। उसने सामाजिक रीति-रिवाज से शादी करने से इनकार कर दिया और कोर्ट मैरिज की बात कही। मार्च 2026 में कोर्ट मैरिज की प्रक्रिया शुरू होने वाली थी, लेकिन आरोपी ने अचानक शादी से साफ मना कर दिया और युवती से संपर्क पूरी तरह तोड़ लिया। युवती की शिकायत पर तमनार पुलिस ने आरोपी लखन कुमार पटनायक के खिलाफ धारा 69 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की लोकेशन ट्रेस की और रायपुर से उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को रिमांड पर लेकर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। SSP शशि मोहन सिंह ने कहा कि शादी का झांसा देकर महिलाओं का विश्वास तोड़ने और उनका शोषण करने वालों को पुलिस किसी भी हाल में बख्शेगी नहीं। ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए त्वरित एक्शन ले रही है। - (ईएमएस) 27 अप्रैल 2026