रायगढ़ (ईएमएस)। जिले में नौकरी दिलाने का झांसा देकर महिला और उसकी नाबालिग ननंद के साथ छेड़खानी और जबरदस्ती के प्रयास का मामला सामने आया है। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में कार्रवाई करते हुए रिमांड पर भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, 16 अप्रैल को एक अज्ञात युवक ने महिला (30) को फोन कर खुद को विजय बताते हुए रायगढ़ की कंपनियों में नौकरी दिलाने का झांसा दिया। नौकरी की जरूरत के चलते महिला उसके संपर्क में आ गई। 22 अप्रैल को आरोपी ने दोबारा कॉल कर महिला को अमलीडीह (घरघोड़ा) बुलाया और कहा कि काम मिल गया है। महिला अपनी 15 वर्षीय ननंद के साथ बताए गए स्थान पर पहुंच गई। शाम को आरोपी ने दोनों को ग्राम चिमटापानी के पास बुलाया। वहां पहुंचने पर आरोपी ने खुद को विजय बताकर उन्हें कार में बैठाया और सुनसान इलाके में ले गया। आरोपी ने पहले महिला के साथ छेड़खानी की और विरोध करने पर नाबालिग के साथ भी जबरदस्ती का प्रयास किया। साथ ही जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया। मामले की शिकायत घरघोड़ा थाने में दर्ज कराई गई। जांच के दौरान आरोपी की पहचान सुरेन्द्र बेहरा (34), निवासी ग्राम रायकेरा के रूप में हुई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 74, 75(2), 76, 351(3) और पॉक्सो एक्ट की धारा 8 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। - (ईएमएस) 27 अप्रैल 2026