क्षेत्रीय
27-Apr-2026
...


कांकेर (ईएमएस)। जिले के ग्राम चारभाठा में एक 27 वर्षीय महिला की प्रसव के बाद मौत हो गई। घटना ने स्वास्थ्य सेवाओं और समय पर इलाज को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार, सरिता शोरी का प्रसव ग्राम दबेना स्थित शासकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में हुआ, जहां उसने एक पुत्र को जन्म दिया। प्रसव के दौरान अत्यधिक रक्तस्राव होने से उसकी हालत गंभीर हो गई। प्राथमिक उपचार के बाद महिला को बेहतर इलाज के लिए कांकेर रेफर किया गया। परिजन उसे शहर के अलबेलापारा स्थित मातृ-शिशु गहन चिकित्सा अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही दोपहर करीब 12:30 बजे उसकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि समय पर उचित उपचार नहीं मिलने और शरीर में खून की कमी के कारण महिला की हालत लगातार बिगड़ती गई, जिससे उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। वहीं स्वास्थ्य विभाग भी पूरे मामले की जानकारी लेकर जांच में जुट गया है। - ईएमएस 27 अप्रैल 2026