क्षेत्रीय
27-Apr-2026
...


अंबिकापुर (ईएमएस)। जिले के राममंदिर रोड स्थित मुकेश प्लास्टिक-पटाखा होलसेल दुकान में लगी भीषण आग के बाद प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। नगर निगम आयुक्त डीएन कश्यप ने आग से क्षतिग्रस्त तीन मंजिला भवन को 24 घंटे के भीतर सुरक्षित तरीके से हटाने का आदेश जारी किया है। गुरुवार को लगी आग में इमारत का एक हिस्सा ढह गया था, जबकि पूरा भवन अब केवल दो कॉलम के सहारे खड़ा है। आसपास के लोगों की सुरक्षा को देखते हुए इसे खतरनाक श्रेणी में घोषित किया गया है। आयुक्त ने संचालक मुकेश अग्रवाल को नोटिस जारी कर स्पष्ट किया है कि यदि 24 घंटे के भीतर भवन को डिसमेंटल नहीं किया गया, तो नगर निगम स्वयं कार्रवाई करेगा। इस भीषण आगजनी में आसपास के आधा दर्जन घर भी प्रभावित हुए हैं। घटना के बाद एक पीड़ित प्रतुल्य पांडेय की शिकायत पर पुलिस ने मुकेश अग्रवाल और उनके रिश्तेदार प्रवीण अग्रवाल के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। आग के दौरान बिल्डिंग में रखे पटाखों में लगातार विस्फोट हुए, जिससे नुकसान और ज्यादा बढ़ गया। घटना को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं और कांग्रेस ने मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है। सरगुजा कलेक्टर ने पूरे मामले की जांच के लिए एक विशेष टीम बनाई है, जिसमें एसडीएम, सीएसपी, फॉरेंसिक विशेषज्ञ सहित अन्य अधिकारी शामिल हैं। टीम सोमवार को मौके का निरीक्षण कर आग लगने के कारणों, सुरक्षा उपायों और विस्फोटक अधिनियम के पालन की जांच करेगी। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि यदि जांच में लापरवाही या नियमों का उल्लंघन पाया गया, तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ अलग से एफआईआर भी दर्ज की जा सकती है। - (ईएमएस) 27 अप्रैल 2026