धमतरी (ईएमएस)। नगर निगम धमतरी की सफाई व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। शहर के बस स्टैंड के पीछे स्थित अस्पताल रोड पर अघोषित कचरा पॉइंट बन चुका है, जहां खुलेआम कचरा फेंका जा रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, यहां प्रतिबंधित पॉलिथीन समेत अन्य कचरे का ढेर लगा रहता है। इसके बावजूद नगर निगम की ओर से कचरा फेंकने वालों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। कचरे के कारण पूरे क्षेत्र में बदबू फैल रही है, जिससे लोगों को इस रास्ते से गुजरना मुश्किल हो गया है। खासकर अस्पताल रोड होने के कारण मरीजों और उनके परिजनों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने नगर निगम प्रशासन से जल्द सफाई व्यवस्था सुधारने और कचरा फेंकने वालों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल, सवाल यही है कि क्या नगर निगम इस गंभीर समस्या पर ध्यान देकर हालात सुधार पाएगा या लोगों को इसी तरह परेशानी झेलनी पड़ेगी। - (ईएमएस) 27 अप्रैल 2026