धमतरी (ईएमएस)। शहर में अवैध पार्किंग की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। सड़कों को ही पार्किंग स्थल बना दिया गया है, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है और दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है। नगर निगम के राजस्व विभाग के आसपास सड़क के दोनों ओर कई दिनों से वाहन खड़े हैं। हैरानी की बात यह है कि यह स्थान यातायात पुलिस शाखा से महज 150 मीटर की दूरी पर स्थित है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यातायात पुलिस के अधिकारी इसी मार्ग से रोजाना आते-जाते हैं, इसके बावजूद अवैध रूप से खड़े वाहनों पर कोई कार्रवाई नहीं की जाती। यह मार्ग शहर के व्यस्ततम रास्तों में शामिल है। सड़क पर खड़ी गाड़ियों के कारण आवागमन बाधित हो रहा है और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और यातायात पुलिस से अवैध पार्किंग पर सख्त कार्रवाई करने और व्यवस्था सुधारने की मांग की है। अब देखने वाली बात यह होगी कि जिम्मेदार विभाग इस समस्या को कितनी गंभीरता से लेते हैं और कब तक इस पर प्रभावी कार्रवाई की जाती है। - (ईएमएस) 27 अप्रैल 2026