कांकेर (ईएमएस)। कांकेर वनमंडल के भानुप्रतापपुर अंतर्गत वन परिक्षेत्र दुर्गूकोंदल में इस वर्ष 1 मई से तेंदूपत्ता संग्रहण कार्य शुरू किया जाएगा। वन विभाग ने सीजन को लेकर लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं, जिससे क्षेत्र के ग्रामीणों और संग्राहकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। वन परिक्षेत्र अधिकारी सतीश मिश्रा के अनुसार, दुर्गूकोंदल ब्लॉक की 18 समितियों में एक साथ संग्रहण कार्य प्रारंभ होगा। प्रत्येक समिति के अंतर्गत फड़ केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां संग्राहक तेंदूपत्ता जमा करेंगे। इन केंद्रों पर तौल, भंडारण और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। तेंदूपत्ता संग्रहण क्षेत्र की ग्रामीण अर्थव्यवस्था का अहम हिस्सा है। हर साल हजारों परिवार इस कार्य से जुड़कर मौसमी रोजगार प्राप्त करते हैं। इस वर्ष भी बड़ी संख्या में लोगों को अतिरिक्त आय का अवसर मिलने की उम्मीद है। अधिकारियों का कहना है कि इस बार मौसम अनुकूल रहने के कारण तेंदूपत्ते की गुणवत्ता बेहतर रहने की संभावना है। समय पर गर्मी पड़ने और बारिश नहीं होने से पत्ते मजबूत और अच्छी बनावट के तैयार हुए हैं, जिससे संग्राहकों को बेहतर मूल्य मिलने की उम्मीद है। वन विभाग ने फड़ केंद्रों में पारदर्शी तौल, समय पर भुगतान और श्रमिकों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं। सभी समितियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं, ताकि संग्रहण कार्य सुचारू रूप से संचालित हो सके। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदूपत्ता सीजन उनके लिए साल का सबसे महत्वपूर्ण समय होता है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होती है और घरेलू जरूरतों की पूर्ति में मदद मिलती है। - ईएमएस(राकेश गुप्ता)27 अप्रैल 2026