व्यापार
27-Apr-2026


- खुदरा ऋण में मजबूत वृद्धि, प्रति शेयर 2.75 रुपए लाभांश घोषित मुंबई (ईएमएस)। देश की प्रमुख गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी एलएंडटी फाइनेंस ने हाल ही में समाप्त हुए वित्त वर्ष 2023-24 में रिकॉर्ड वित्तीय प्रदर्शन दर्ज किया है। कंपनी का समेकित मुनाफा सालाना आधार पर 14 प्रतिशत बढ़कर 3,003 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। वित्त वर्ष की चौथी तिमाही में भी कंपनी का लाभ 27 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 807 करोड़ रुपये रहा। वित्तीय परिणामों के अनुसार, 31 मार्च को समाप्त वित्त वर्ष में कंपनी द्वारा दिया गया खुदरा ऋण 26 फीसदी बढ़कर 1,19,508 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। चौथी तिमाही में खुदरा वितरण वार्षिक आधार पर 62 प्रतिशत बढ़कर 24,107 करोड़ रुपये रहा, जो किसी भी तिमाही में अब तक का सबसे अधिक वितरण है। निदेशक मंडल ने वित्त वर्ष 2023-24 के लिए प्रति इक्विटी शेयर 2.75 रुपये के लाभांश की सिफारिश की है। कंपनी ने अगले पांच साल के लिए अपनी महत्वाकांक्षी रणनीतिक योजना की भी घोषणा की है। एलएंडटी फाइनेंस तकनीक-आधारित निष्पादन पर ध्यान केंद्रित करेगी, जिसका लक्ष्य 20 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि, 2 प्रतिशत से कम क्रेडिट लागत, 3-3.2 प्रतिशत का संपत्ति पर रिटर्न और 16-18 प्रतिशत का इक्विटी पर रिटर्न प्राप्त करना है। सतीश मोरे/27अप्रैल ---