बालोद (ईएमएस)। जिले में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां एक महिला और युवक ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दोनों के शव सुबह एक ही पेड़ पर एक ही फंदे से लटके मिले। मामला बालोद कोतवाली थाना क्षेत्र का है। मृतकों की पहचान संतोषी बाई यादव (40) और थलेश खरांशु (25) के रूप में हुई है। दोनों अर्जुंदा थाना क्षेत्र के ग्राम गब्दी के निवासी और पड़ोसी थे। संतोषी शादीशुदा थी और उसके बच्चे भी हैं, जबकि थलेश अविवाहित था। दोनों मजदूरी का काम करते थे और एक-दूसरे के घर आना-जाना था। जानकारी के अनुसार, संतोषी सुबह बैंक जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने तलाश के बाद अर्जुंदा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। ग्राम परसोदा में एक खेत के पास पेड़ से दोनों के शव लटके होने की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची और मोबाइल फोटो के आधार पर परिजनों ने दोनों की पहचान की। बालोद कोतवाली टीआई शिशुपाल सिन्हा के मुताबिक शुरुआती जांच में पता चला है कि दोनों बस से झलमला पहुंचे और वहां से पैदल खेत तक गए, जहां उन्होंने फांसी लगा ली। मौके से दोनों की चप्पल भी बरामद हुई है। पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। हालांकि प्रारंभिक तौर पर प्रेम प्रसंग की आशंका जताई जा रही है, लेकिन वास्तविक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। - (ईएमएस) 27 अप्रैल 2026