राष्ट्रीय
27-Apr-2026


नोएडा,(ईएमएस)। नोएडा के फेज-3 थाना क्षेत्र स्थित सेक्टर-121 के गढ़ी चौखंडी गांव में रविवार देर रात एक खड़ी कार में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया और कोई जनहानि नहीं हुई। घटना अजनारा होम्स के पास सड़क किनारे खड़ी एक कार में हुई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और एक फायर ब्रिगेड वाहन की मदद से आग बुझा दी। मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि कंट्रोल रूम को रात करीब साढ़े 12 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर पाया गया कि दिल्ली नंबर की होंडा अमेज कार में आग लगी हुई थी। यह कार पेट्रोल और सीएनजी दोनों से संचालित थी, जिससे खतरा और बढ़ सकता था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार बिजली के खंभे के पास खड़ी थी और ऊपर से विद्युत तार गिरने के कारण आग लग गई। गनीमत रही कि घटना के समय आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। हिदायत/ईएमएस 27अप्रैल26