राष्ट्रीय
27-Apr-2026


* स्थानीय निकाय चुनाव परिणाम से पहले बढ़ी चिंता, राजू करपड़ा के बाद एक और दिग्गज नेता ने छोड़ी पार्टी अहमदाबाद (ईएमएस)| गुजरात में स्थानीय स्वराज संस्थाओं के चुनाव परिणाम अभी घोषित भी नहीं हुए हैं, लेकिन उससे पहले ही आम आदमी पार्टी (आप) को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रदेश महामंत्री सागर रबारी ने अचानक अपने पद और सदस्यता से इस्तीफा देकर राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। इससे पहले राजू करपड़ा के इस्तीफे ने पार्टी को झटका दिया था और अब सागर रबारी के फैसले ने संगठन के भीतर चिंता की लहर पैदा कर दी है। सागर रबारी गुजरात में आप के प्रमुख चेहरों में गिने जाते थे। किसानों के मुद्दों को लेकर लंबे समय तक संघर्ष करने वाले रबारी ने सामाजिक आंदोलनों से राजनीति तक का सफर तय किया था। किसान हितों की लड़ाई लड़ते-लड़ते वे आम आदमी पार्टी में सक्रिय हुए और धीरे-धीरे संगठन में मजबूत पहचान बनाते हुए शीर्ष नेतृत्व में शामिल हो गए। प्रदेश महामंत्री जैसे महत्वपूर्ण पद पर रहते हुए उन्होंने पार्टी के विस्तार में अहम भूमिका निभाई थी। उनके अचानक इस्तीफे ने गुजरात की राजनीति में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि स्थानीय चुनावों से पहले इस तरह का इस्तीफा पार्टी की रणनीति और संगठनात्मक स्थिति पर असर डाल सकता है। खासतौर पर तब, जब पार्टी राज्य में खुद को तीसरे विकल्प के रूप में स्थापित करने की कोशिश कर रही है। सागर रबारी ने अपने इस्तीफे की जानकारी सोशल मीडिया के जरिए दी। उन्होंने एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए लिखा, “मैं अपनी आम आदमी पार्टी के साथ की यात्रा आज यहीं समाप्त करता हूं। पार्टी की सदस्यता, पद और जिम्मेदारियों से स्वयं को मुक्त करता हूं। सहयोग के लिए सभी साथियों का हृदय से आभार। व्यक्तिगत संबंध, दोस्ती और सम्मान हमेशा कायम रहेंगे।” उनके इस संदेश से साफ है कि उन्होंने पार्टी से दूरी बनाई है, लेकिन व्यक्तिगत रिश्तों को बनाए रखने की बात कही है। हालांकि उन्होंने इस्तीफे के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं किया है, जिससे राजनीतिक अटकलों का दौर तेज हो गया है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि सागर रबारी आगे किस राजनीतिक दल का दामन थामेंगे या फिर कुछ समय तक स्वतंत्र राजनीतिक भूमिका में नजर आएंगे। गुजरात की राजनीति में इस समय भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच लगातार समीकरण बदल रहे हैं। ऐसे में सागर रबारी जैसे नेता का अगला कदम बेहद अहम माना जा रहा है। आप के लिए यह घटनाक्रम ऐसे समय पर हुआ है जब पार्टी राज्य में संगठन को मजबूत करने और स्थानीय निकाय चुनावों में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद कर रही थी। लेकिन लगातार हो रहे इस्तीफों ने पार्टी नेतृत्व की चिंता बढ़ा दी है। अब देखना दिलचस्प होगा कि सागर रबारी का अगला राजनीतिक ठिकाना क्या होगा और उनके इस्तीफे का असर आम आदमी पार्टी की गुजरात इकाई पर कितना पड़ता है। सतीश/27 अप्रैल