क्षेत्रीय
27-Apr-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) परिसर में सुरक्षा और छात्र सुविधाओं को लेकर एक अहम मुद्दा सामने आया हैं। स्कूल आफ सोशल साइंस (एसएसएस)-2 भवन के सामने सीलिंग गिरने की घटना ने छात्रों और शिक्षकों की चिंता बढ़ा दी है। जेएनयू छात्र काउंसिल ने एसएसएस-2 के सामने छत गिरने की घटना को गंभीर सुरक्षा खतरा बताते हुए डीन को पत्र लिखा है। काउंसिल के अनुसार, प्रभावित क्षेत्र से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र, शिक्षक और कर्मचारी गुजरते हैं, जिससे किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। पत्र में प्रशासन से तत्काल निरीक्षण, मरम्मत कार्य और सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की गई है ताकि भविष्य में किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके। हालांकि विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से इस मामले में आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। वहीं, जेएनयू डीन कार्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए पीजी छात्रों के हास्टल आवंटन की सूची जारी कर दी है। विभिन्न श्रेणियों के छात्रों को ताप्ती, लोहित, झेलम, नर्मदा, सतलुज, माही, कावेरी और मांडवी सहित कई छात्रावास आवंटित किए गए हैं। उल्लेखनीय है कि इससे पहले अप्रैल में बीटेक छात्रों के लिए भी हास्टल आवंटन किया गया था। ऐसे में एक ओर जहां आवासीय सुविधाओं को लेकर प्रक्रिया तेज हुई है, वहीं परिसर की आधारभूत संरचना की सुरक्षा को लेकर उठे सवाल प्रशासन के लिए चुनौती बने हुए हैं। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ ईएमएस/27/अप्रैल /2026