राष्ट्रीय
27-Apr-2026


नारी वंदन अधिनियम के समर्थन में विशाल मानव श्रृंखला बनाई वाराणसी,(ईएमएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन से पूर्व वाराणसी में नारी शक्ति का अभूतपूर्व प्रदर्शन देखने को मिला। 1000 से अधिक महिला खिलाड़ियों और विकास इंटर कॉलेज की छात्राओं ने एकजुट होकर नारी वंदन अधिनियम के समर्थन में विशाल मानव श्रृंखला बनाकर पूरे शहर को महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया। हाथों में तख्तियां और तिरंगा लिए छात्राओं और खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। मानव श्रृंखला के बाद सभी प्रतिभागियों ने कॉलेज से नटनिया दाई मंदिर तक जागरूकता मार्च निकाला। इस दौरान राहगीरों और लोगों को नारी वंदन अधिनियम के लाभों के बारे में विस्तार से बताया गया। कार्यक्रम में हैंडबॉल, रग्बी, टेबल टेनिस, जूडो और हाकी की महिला खिलाड़ियों की सक्रिय भागीदारी रही। खिलाड़ियों ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार द्वारा महिलाओं के लिए उठाए गए कदम सराहनीय हैं। उनका विश्वास है कि संसद और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण मिलने से महिलाओं की स्थिति में ऐतिहासिक बदलाव आएगा और वे निर्णय लेने की प्रक्रिया में मजबूत भागीदारी निभा सकेंगी। कार्यक्रम के संयोजक डॉ.ए.के. सिंह ने बताया कि उनका संस्थान हमेशा से महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए समर्पित रहा है। उन्होंने गर्व के साथ बताया कि कॉलेज से अब तक तीन अंतरराष्ट्रीय और 22 राष्ट्रीय स्तर की महिला खिलाड़ी देश और शहर का नाम रोशन कर चुकी हैं। वाराणसी में इस प्रकार के आयोजनों की आवश्यकता है, ताकि नारी शक्ति को और अधिक प्रोत्साहन मिल सके और समाज में समानता की दिशा में कदम बढ़ाए जा सकें।, यह आयोजन न केवल एक सामाजिक जागरूकता का प्रतीक है, बल्कि यह महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल भी है। आशीष दुबे / 27 अप्रैल 2026