राष्ट्रीय
27-Apr-2026


लखनऊ (ईएमएस)। उत्तरप्रदेश की राजधानी लखनऊ में समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने आम आदमी पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने वाले राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा पर हमला बोला है। उन्होंने राघव के कदम को “गद्दारी” और “राष्ट्रद्रोह के बराबर” बताकर कहा कि जिस पार्टी ने किसी नेता पर भरोसा करके राज्यसभा तक पहुंचाया, उस पार्टी को छोड़ देना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। डिंपल यादव ने बताया कि राज्यसभा सांसद सीधे जनता द्वारा नहीं चुने जाते, बल्कि उन्हें पार्टी के माध्यम से नामित किया जाता है और विधानसभाओं द्वारा चुना जाता है, इसलिए पार्टी के प्रति उनकी जिम्मेदारी अधिक होती है। डिंपल ने पहले भी मैनपुरी में राघव चड्ढा की आलोचना कर कहा था कि वे जनता के बीच जाकर वोट लेकर नहीं आए थे, बल्कि आप पार्टी की वजह से संसद पहुंचे थे। इसतहर से पार्टी छोड़ना विश्वासघात माना जाएगा। उन्होंने कहा कि यह कदम न केवल पार्टी के साथ धोखा है, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को भी कमजोर करता है। यह विवाद उस समय बढ़ा जब राघव चड्ढा ने अन्य नेताओं के साथ आप से इस्तीफा देकर बीजेपी का दामन थाम लिया। इस दौरान नितिन नबीन की उपस्थिति में उनका भाजपा में औपचारिक स्वागत हुआ। राघव चड्ढा ने अपने फैसले का बचाव कर आप पार्टी पर आरोप लगाया कि वह अपने मूल सिद्धांतों से भटक गई है और अब ईमानदार कार्यकर्ताओं को उचित स्थान नहीं दे रही। उनके साथ संदीप पाठक, हरभजन सिंह, स्वाति मालीवाल सहित कई अन्य नेताओं के भी भाजपा में शामिल होने की बात सामने आई है। इस पूरे घटनाक्रम ने राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है, जहां दल-बदल और राजनीतिक निष्ठा को लेकर तीखी बहस छिड़ गई है। आशीष दुबे / 27 अप्रैल 2026