क्षेत्रीय
27-Apr-2026
...


जयपुर (ईएमएस)। पशुपालन, डेयरी, गोपालन एवं मत्स्य विभाग के प्रमुख शासन सचिव विकास सीतारामजी भाले ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार पशुपालन के क्षेत्र में समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। पशुओं एवं पशुपालकों के कल्याण के प्रति सरकार की समर्पित सोच और नीतियों के कारण आज पशुपालन रोजगार का एक जरिया बनकर उभर रहा है। इन प्रयासो के परिणामस्वरूप प्रदेश में लाखों लोगों को कृषि एवं पशुपालन से रोजगार प्राप्त हो रहा है। भाले ने राजस्थान पशुधन विकास बोर्ड के तत्वावधान में 6 तरल नाइट्रोजन परिवहन वाहनों की विधिवत पूजा कर उन्हें हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने वाहनों का अवलोकन भी किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि तरल नाइट्रोजन के वितरण की व्यवस्था को सुगम और सुदृढ़ बनाने की दृष्टि से केन्द्र सरकार की शत प्रतिशत वित्त पोषित राष्ट्रीय गोकुल मिशन योजना के तहत 6 जिलों को नाइट्रोजन परिवहन वाहन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इससे पूर्व भी आवश्यकतानुसार 20 जिलों को ये वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने बताया कि नाइट्रोजन विशेष रूप से कृत्रिम गर्भाधान कार्यक्रमों के लिए अत्यंत आवश्यक है। इसके सुरक्षित एवं समयबद्ध परिवहन की व्यवस्था से ग्रामीण क्षेत्रों तक उच्च गुणवत्ता वाली सेवाएं पहुंचाना संभव होगा। उल्लेखनीय है कि ये नाइट्रोजन परिवहन वाहन अलवर, खैरथल तिजारा, कोटपुतली-बहरोड़, सलूम्बर, फलौदी तथा जैसलमेर जिलों के लिए रवाना किए गए हैं। इस अवसर पर पशुपालन विभाग के निदेशक और राजस्थान पशुधन विकास बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ सुरेशचंद मीना़, पशुपालन विभाग के अतिरिक्त निदेशक डॉ प्रवीण कुमार, डॉ संजय कुमार, डॉ जुगलकिशोर मिश्रा, डॉ लक्ष्मण राव तथा आरएलडीबी के प्रबंधक डॉ प्रीतपाल कालरा सहित विभाग के अधिकारी और कर्मचारीगण मौजूद थे। अशोक शर्मा/ 5:40 बजे/ 27 अप्रेल 2026