- घंटों चले रेस्क्यू के बाद सुरक्षित उतारा गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही(ईएमएस)। जिले के पेंड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत जिल्दा गांव में सोमवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक 33 केवी हाईटेंशन लाइन के करीब 400 फीट ऊंचे टावर पर चढ़कर ऊपर बैठ गया। इस घटना से गांव में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। पुलिस के मुताबिक 25 वर्षीय युवक केवल सिंह आयाम अपनी पत्नी से नाराज था। उसकी पत्नी पिछले 3-4 दिनों से गांव में अपने चाचा के घर आयोजित विवाह कार्यक्रम में गई थी और वापस नहीं लौटी थी। इसी बात से आक्रोशित होकर युवक टावर पर चढ़ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक टावर के सबसे ऊपरी हिस्से में जाकर बैठ गया और करीब 2 से 3 घंटे तक वहीं डटा रहा। नीचे मौजूद परिजन और ग्रामीण लगातार उसे समझाने की कोशिश करते रहे, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत बिजली विभाग से संपर्क कर सप्लाई बंद करवाई गई, ताकि किसी भी हादसे से बचा जा सके। इसके बाद संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। लंबी समझाइश और प्रयासों के बाद आखिरकार युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। मौके पर बड़ी भीड़ जमा रही और सभी की नजरें रेस्क्यू पर टिकी रहीं। पुलिस ने बताया कि युवक पूरी तरह सुरक्षित है और उससे पूछताछ की जा रही है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)27 अप्रैल 2026