पटना, (ईएमएस)। नीतीश कुमार द्वारा महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में किए गए ऐतिहासिक कार्यों से प्रभावित होकर एवं निशांत कुमार की दूरदर्शी सोच से प्रेरित होकर सोमवार को जद (यू) के प्रदेश कार्यालय, पटना में पश्चिमी चंपारण के रामनगर प्रखंड की मुखिया संघ की अध्यक्ष स्मिता चौरसिया ने कई महिला साथियों के साथ जनसुराज छोड़ जद (यू) का दामन थामा। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने सभी को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता दिलाई तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ पार्टी में स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस मौके पर श्री कुशवाहा ने कहा कि स्मिता चौरसिया कई वर्षों से सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र में सक्रिय रही हैं और पश्चिमी चंपारण जिले में उनका मजबूत जनाधार है। उनके पार्टी में शामिल होने से जिले का संगठन और अधिक सशक्त एवं सक्रिय होगा। उन्होंने आगे कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार के सर्वांगीण विकास में जो महत्वपूर्ण योगदान दिया है, उससे समाज का हर वर्ग सकारात्मक रूप से प्रभावित है। विशेष रूप से महिला सशक्तिकरण का ‘नीतीश माॅडल’ पूरे देश के लिए अनुकरणीय बन चुका है। साथ ही उन्होंने कहा कि पार्टी के भविष्य निशांत कुमार की दूरदर्शी सोच से भी लोग प्रभावित हो रहे हैं, जिसके परिणामस्वरूप जदयू के प्रति जनसमर्थन दिनोंदिन बढ़़ रहा है। पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने वालों में मुख्य रूप से संगीता देवी, फेतों देवी, अमना खातून एवं प्रियंका देवी शामिल रहीं। इस अवसर पर प्रदेश प्रवक्ता हेमराज राम एवं प्रदेश महासचिव शंभू कुशवाहा भी उपस्थित रहे। - २७ अप्रैल/२०२६/ईएमएस