राष्ट्रीय
27-Apr-2026


मुजफ्फरनगर (ईएमएस)। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने पश्चिम बंगाल चुनाव में ममता बनर्जी की जीत का दावा किया है। सोमवार को मुजफ्फरनगर स्थित अपने आवास पर मीडिया से बातचीत में कहा कि पश्चिम बंगाल का मतदाता अब पहले से अधिक जागरूक हो चुका है और बड़ी संख्या में लोग अपने मतदान अधिकार का उपयोग करने के लिए बाहरी राज्यों से घर लौट रहे हैं, ताकि उनका नाम मतदाता सूची से न कटे। किसान नेता टिकैत ने कहा कि यदि चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष रहती है और मतदान में किसी प्रकार की बेईमानी नहीं होती है तो ममता बनर्जी भारी मतों के साथ जीत हासिल कर सकती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी को अपेक्षाकृत कम वोट मिल रहे हैं, लेकिन परिणामों में उनकी जीत दिखाई देती है, जो चुनावी प्रक्रिया पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने आगे कहा कि अब तक हुए लगभग 90 प्रतिशत चुनावी रुझान ममता बनर्जी के पक्ष में दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि यदि बेईमानी की जाती है तो भाजपा वहां जीत हासिल कर सकती है और साथ ही सांसदों-विधायकों को तोड़कर अपनी पार्टी में शामिल करने की रणनीति भी अपनाती है। टिकैत ने देश की चुनावी व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को तोड़कर दूसरी पार्टियों में शामिल कराया जा रहा है तो चुनाव की आवश्यकता पर भी प्रश्न खड़े होते हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी के कई सांसदों को भी इसी तरह अपने पक्ष में किया गया। जितेन्द्र 27 अप्रैल 2026