राष्ट्रीय
27-Apr-2026


वाराणसी,(ईएमएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 अप्रैल मंगलवार को वाराणसी के दो दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं। पीएम मोदी अपने इस दौरे के दौरान काशीवासियों को 6 हजार करोड़ से ज्यादा की सौगातें भेंट करने जा रहे हैं। जानकारी अनुसार पीएम मोदी अपने दौरे के दौरान रेल-सड़क सिग्नेचर ब्रिज और कबीरचौरा मंडलीय चिकित्सालय में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की आधारशिला रखेंगे। यह एक ऐसी सौगात होगी जिससे न सिर्फ वाराणसी ही बल्कि पूर्वांचल और बिहार के मरीजों को विश्व स्तरीय इलाज मिल सकेगा। गौरतलब है कि पीएम मोदी पिछले 11 साल में 53 बार काशी का दौरा कर चुके हैं। यह उनका 54वां दौरा है। इससे पहले पीएम मोदी ने नवंबर 2025 में काशी का दौरा किया था। तय कार्यक्रम अनुसार प्रधानमंत्री मोदी 28 अप्रैल को वाराणसी आ रहे हैं। भाजपा सूत्रों ने मीडिया को बताया है, कि पीएम मोदी शाम 4 बजे के बाद स्पेशल विमान से वाराणसी पहुंच रहे हैं। एयरपोर्ट से सेना के हेलीकॉप्टर द्वारा बरेका हेलीपैड पहुंचेंगे। यहां से सभा स्थल बीएलडब्ल्यू ग्राउंड जाएंगे जहां महिलाओं की विराट सभा को संबोधित करेंगे। दूसरे दिन बरेका से करेंगे रोड शो प्रधानमंत्री मोदी अपने दौरे के दूसरे दिन बुधवार को बाबा विश्वनाथ का दर्शन-पूजन करेंगे। इससे पहले वे बरेका से बाबा विश्वनाथ धाम तक रोड शो करेंगे। पीएम मोदी का यह रोड शो अब के रोड शो से सबसे लंबा होने का कयास लगाया जा रहा है, जिसकी तैयारियां शुरु कर दी गई हैं। हिदायत/ईएमएस 27अप्रैल26