बैरुत (ईएमएस)। दक्षिणी लेबनान में इजरायल और हिज्बुल्लाह में जारी तनाव के बीच बड़ा हमला सामने आया है। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान हिज्बुल्लाह ने इजरायली सैनिकों को निशाना बनाकर ड्रोन से हमला कर दिया, जिसमें एक सैनिक की मौत हुई और कई अन्य घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक, घटना लेबनान के तैयबेह इलाके में हुई, जहां इजरायली सेना की 77वीं बटालियन का एक टैंक तकनीकी खराबी के कारण फंस गया था। सैनिक टैंक को ठीक करने में लगे थे, तभी हिज्बुल्लाह ने विस्फोटकों से लैस ड्रोन से हमला किया। यह ड्रोन सैनिकों के पास आकर फटा, जिससे मौके पर मौजूद जवान गंभीर रूप से घायल हुआ। हमले के बाद घायलों को निकालने के लिए इजरायली वायुसेना का हेलीकॉप्टर आया। लेकिन रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान भी हिज्बुल्लाह ने हमला जारी रखा। रिपोर्ट के मुताबिक, दो और ड्रोन दागे गए, जिनमें से एक को इजरायली सैनिकों ने हवा में ही मार गिराया, जबकि दूसरा हेलीकॉप्टर और सैनिकों के बेहद करीब जाकर फटा। इजरायली सेना (आईडीएफ) के मुताबिक, इस हमले में एक सैनिक की मौत हो गई, जबकि एक अधिकारी और तीन सैनिक गंभीर रूप से घायल हुए। इनके अलावा दो सैनिकों को मामूली चोट आई। हिज्बुल्लाह ने इस हमले की जिम्मेदारी लेकर कहा कि यह कार्रवाई इजरायल द्वारा युद्धविराम उल्लंघन के जवाब में की गई है। संगठन ने हाल के समय में छोटे और अत्याधुनिक एफपीवी ड्रोन का इस्तेमाल बढ़ा दिया है, जो सीधे लक्ष्य पर हमला करने में सक्षम होते हैं। आशीष दुबे / 27 अप्रैल 2026