अंतर्राष्ट्रीय
27-Apr-2026


सुरक्षा कारणों से कोर्ट की कार्यवाही स्थगित इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के खिलाफ चल रहे भ्रष्टाचार मामले में उनकी गवाही एक बार फिर टाल दी गई है। सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए अदालत ने सुनवाई स्थगित कर दी। यह मामला चर्चित केस 4000 से जुड़ा है, जिसमें नेतन्याहू पर कारोबारी हितों के बदले अनुकूल मीडिया कवरेज लेने का आरोप है। तेल अवीव (ईएमएस)। इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के खिलाफ चल रहे आपराधिक मुकदमे में उनकी गवाही दोबारा टाल दी गई है। स्थानीय मीडिया रिपोट्र्स के मुताबिक, सोमवार को दो महीने के अंतराल के बाद उनकी गवाही फिर शुरू होनी थी, लेकिन अंतिम समय में इसे स्थगित कर दिया गया। रिपोर्ट के अनुसार, नेतन्याहू के वकील अमित हदद ने अदालत के सामने विशेष सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए कार्यवाही टालने की मांग की थी। इसके बाद कोर्ट ने सुनवाई रोक दी। हालांकि सुरक्षा जोखिम क्या हैं और अगली तारीख कब होगी, इस पर तत्काल कोई जानकारी सामने नहीं आई है। पिछले हफ्ते भी रद्द हुई थी पेशी इससे पहले यरूशलेम जिला अदालत ने नेतन्याहू की इस सप्ताह तय पेशियों को भी रद्द कर दिया था। अदालत ने बचाव पक्ष की उस दलील को स्वीकार किया था, जिसमें सुरक्षा और कूटनीतिक कारण बताए गए थे। कोर्ट ने नेतन्याहू की अनुपस्थिति में दूसरे गवाह की गवाही दर्ज करने की अनुमति दे दी। मंगलवार को प्रस्तावित सुनवाई भी रद्द कर दी गई है। अभियोजन पक्ष ने जताई आपत्ति राज्य अटॉर्नी कार्यालय ने इस फैसले का विरोध करते हुए कहा था कि प्रधानमंत्री को अदालत की कार्यवाही के अनुसार अपना कार्यक्रम तय करना चाहिए, ताकि जिरह जल्द पूरी हो सके और यह जनहित में भी है। केस 4000 में गंभीर आरोप यह मामला चर्चित केस 4000 या बेजेक-वाला मामले से जुड़ा है, जिसे नेतन्याहू के खिलाफ सबसे गंभीर मामलों में माना जाता है। आरोप है कि उन्होंने कारोबारी शाऊल एलोविच की बेजेक कंपनी को फायदा पहुंचाने वाले नियामकीय फैसले करवाए, बदले में वाला न्यूज वेबसाइट पर अनुकूल कवरेज हासिल किया। नेतन्याहू ने इन सभी आरोपों से इनकार किया है। उन्होंने अपने पूर्व सहयोगी श्लोमो फिलबर के साथ कथित निर्देश बैठक के आरोपों को भी खारिज किया है। विनोद उपाध्याय / 27 अप्रैल, 2026