क्षेत्रीय
27-Apr-2026
...


रायपुर (ईएमएस)। राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र अंतर्गत गोकुल नगर स्थित शासकीय शराब दुकान में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अरुण यादव को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने दुकान की दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश किया और शराब व नगदी रकम चोरी की थी। पुलिस के अनुसार, घटना 24 अप्रैल की रात से 25 अप्रैल की सुबह के बीच की है, जब संतोषी नगर स्थित शराब दुकान में अज्ञात आरोपी ने सेंधमारी कर एक बोतल अंग्रेजी शराब और करीब 10,260 रुपये नकद चोरी कर लिए। मामले की शिकायत 26 अप्रैल को दर्ज कराई गई, जिसके बाद अपराध क्रमांक 353/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना टिकरापारा पुलिस ने टीम गठित कर जांच शुरू की। सीसीटीवी, तकनीकी साक्ष्य और संदेहियों से पूछताछ के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से चोरी की एक पौवा अंग्रेजी शराब और 1520 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है और मामले में आगे की जांच जारी है। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/27 अप्रैल 2026