जिला स्तरीय सतर्कता एवं मॉनिटरिंग समिति की बैठक संपन्न नर्मदापुरम (ईएमएस)। अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम 1989 के तहत गठित जिला स्तरीय सतर्कता एवं मॉनिटरिंग समिति की बैठक सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री सोमेश मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में समिति के सभी संबंधित अधिकारी एवं सदस्यगण उपस्थित रहे। बैठक में सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग एवं सदस्य सचिव द्वारा एजेंडा के अनुसार बिंदुवार जानकारी प्रस्तुत की गई। समिति द्वारा अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार राहत अधिनियम के तहत दर्ज प्रकरणों की अन्वेषण स्थिति, न्यायालयों में लंबित मामलों के अभियोजन, पीड़ितों को दी जाने वाली राहत राशि, यात्रा भत्ता एवं अन्य सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री मिश्रा ने निर्देश दिए कि अधिनियम के अंतर्गत सभी प्रकरणों में शासन के नियमानुसार समय-सीमा में आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जाति प्रमाण पत्र के अभाव में कोई भी प्रकरण लंबित न रहे, इसके लिए विकासखंड स्तरीय समितियों एवं संबंधित थानों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्यवाही की जाए। बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि विकासखंड स्तरीय समिति की बैठकें प्रत्येक त्रैमास में अनिवार्य रूप से आयोजित की जाएं। साथ ही न्यायालय स्तर पर लंबित एवं निराकृत (बरी) प्रकरणों की समीक्षा कर आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री साई कृष्ण एस थोटा, जिला पंचायत सीईओ श्री हिमांशु जैन, अपर कलेक्टर श्री बृजेंद्र रावत, समिति सदस्य श्री मुकेश चंद्र मेना सहित सत्येन्द्र पटेल विशेष लोक अभियोजक नर्मदापुरम, राजकुमार नेमा जिला अभियोजन अधिकारी नर्मदापुरम अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। ईएमएस / 27/04/2026