क्षेत्रीय
27-Apr-2026


..कलेक्टर और एसपी जिला अस्पताल में नर्मदापुरम पिपरिया स्टेट हाइवे सड़क हादसे के घायलों से मिलने पहुंचे. नर्मदापुरम (ईएमएस)। नर्मदापुरम-पिपरिया स्टेट हाईवे पर आंचलखेड़ा और तवा पुल के पास रविवार सोमवार दरयानी रात करीब डेढ़ बजे सोयाबीन से भरी ट्रैक्टर ट्राली और टवेरा वाहन की आमने-सामने की टक्कर में जहां 5 लोगों की मौत हो गई, वहीं 7 लोग गंभीर रूप से घायल हुए। सभी लोग टवेरा कार द्वारा शादी समारोह से लौट रहे थे। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।सड़क हादसे की जानकारी के बाद कलेक्टर सोमेश मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक साई कृष्ण एस. थोटा ने तत्परता दिखाते हुए घायलों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य का हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले मृतकों के परिजनों से भी मिलकर संवेदना व्यक्त की और हर संभव सहायता एवं सहयोग का आश्वासन दिया। कलेक्टर श्री मिश्रा ने जिला अस्पताल, संजीवनी हॉस्पिटल, मालवी अस्पताल एवं पांडे हॉस्पिटल पहुंचकर आईसीयू एवं जनरल वार्ड में भर्ती मरीजों से मुलाकात की। उन्होंने मरीजों से कुशलक्षेम पूछते हुए ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों से उपचार की स्थिति एवं मरीजों के स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्राप्त की।कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी घायलों का उपचार आयुष्मान योजना और प्रधानमंत्री राहत योजना के तहत सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी मरीज या उनके परिजनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी को समुचित और गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने मरीजों एवं उनके परिजनों को भरोसा दिलाया कि इस विषम परिस्थिति में जिला प्रशासन पूरी तरह से पीड़ितों के साथ तटस्थ है और हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया कि निजी अस्पतालों से समन्वय बनाकर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं प्राथमिकता से सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम, आईसीयू, दवाइयों एवं उपचार से संबंधित किसी भी स्तर पर लापरवाही या असुविधा न हो यह सुनिश्चित करें। इस दौरान डिप्टी कलेक्टर डॉ. बबीता राठौर, एसडीओपी जितेंद्र पाठक सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। ईएमएस / 27/04/2026