० कलेक्टर ने जिले वासियों से किया अपील ० अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए ऐतिहासिक व सांस्कृतिक दस्तावेजों की जानकारी प्रशासन को देंवे दंतेवाड़ा (ईएमएस)। भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के अंतर्गत संचालित “ज्ञानभारतम् मिशन” के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु आज कलेक्टर देवेष कुमार धु्रव की अध्यक्षता में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के अंतर्गत प्राचीन पांडुलिपियों, ताड़पत्रों एवं दुर्लभ हस्तलिखित ग्रंथों के संरक्षण, अन्वेषण और डिजिटलीकरण को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान कलेक्टर ने बताया कि योजना का मुख्य उद्देश्य विद्यालयों, संग्रहालयों, पुस्तकालयों तथा निजी संग्रहों में सुरक्षित प्राचीन ज्ञान-संपदा को चिन्हित कर संरक्षित करना और डिजिटल माध्यम से जनसुलभ बनाना है। इसी क्रम में जिले में संस्थागत एवं व्यक्तिगत संग्रहकर्ताओं के पास उपलब्ध पांडुलिपियों के चिन्हांकन एवं सूचीकरण के लिए जिला स्तरीय समिति का गठन किया गया है। बैठक में यह भी रेखांकित किया गया कि यह पहल हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने और उसे भावी पीढि़यों तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। कलेक्टर ने जिले वासियों से अपील करते हुए कहा कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और अपने पास उपलब्ध ऐतिहासिक व सांस्कृतिक दस्तावेजों की जानकारी प्रशासन को दें, ताकि उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल सके। जिला प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि इस दिशा में सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, जिससे जिले की सांस्कृतिक धरोहर सुरक्षित रह सके और व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंच सके। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/27 अप्रैल 2026