राज्य
27-Apr-2026


* आशीर्वाद कॉम्प्लेक्स में तकनीकी खराबी से बीच में अटकी लिफ्ट, फायर ब्रिगेड ने 15 मिनट में सभी को सुरक्षित निकाला सूरत (ईएमएस)| के सिटी लाइट इलाके स्थित आशीर्वाद कॉम्प्लेक्स में सोमवार को एक चिंताजनक घटना सामने आई, जब बिल्डिंग की लिफ्ट में अचानक तकनीकी खराबी आने से दो छोटे बच्चों समेत कुल 11 लोग बीच में फंस गए। घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार सभी लोग लिफ्ट से ऊपर जा रहे थे, तभी अचानक पावर फेल्योर या यांत्रिक खराबी के कारण लिफ्ट बेसमेंट और ग्राउंड फ्लोर के बीच रुक गई। लिफ्ट बंद होते ही अंदर हवा का प्रवाह कम हो गया, जिससे लोगों में घबराहट बढ़ने लगी। खासकर बच्चों के लिए यह स्थिति बेहद डरावनी बन गई थी। लिफ्ट में फंसे लोगों ने मदद के लिए शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के रहवासियों ने तुरंत सूरत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही वेसू फायर स्टेशन की टीम आधुनिक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंच गई। फायर ब्रिगेड के जवानों ने तेजी और सतर्कता के साथ राहत कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद लिफ्ट का दरवाजा खोला गया और अंदर फंसे सभी 11 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। पूरा रेस्क्यू ऑपरेशन मात्र 15 मिनट में पूरा कर लिया गया, जिससे फायर टीम की तत्परता और कुशलता साफ नजर आई। सतीश/27 अप्रैल