:: निदेशक ने सुंदर पिचाई का उदाहरण देकर सिखाए सफलता के गुर :: इंदौर (ईएमएस)। प्रेस्टीज इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड रिसर्च (पीआईएमएआर), देवास द्वारा आयोजित “प्रतिभा सम्मान समारोह” में 12वीं कक्षा के मेधावी छात्रों को मैडल एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान मेधावियों का उत्साह देखते ही बनता था। इस अवसर पर छात्रों को संबोधित करते हुए संस्थान की निदेशक प्रो. (डॉ.) आशिमा जोशी ने शैक्षणिक उपलब्धियों को रेखांकित किया। उन्होंने गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई के विद्यार्थी जीवन का उदाहरण देते हुए बताया कि कैसे उन्होंने अपने अनुभवों और निरंतर प्रयासों से वैश्विक स्तर पर शीर्ष स्थान प्राप्त किया। उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि सफलता के लिए हर अनुभव से सीखना जरूरी है। कार्यक्रम में कंप्यूटर साइंस विभाग के एचओडी डॉ. योगेन्द्र सिंह राजावत ने विद्यार्थियों को जीवन में अनुशासन, कठोर परिश्रम और लक्ष्य के प्रति पूर्ण समर्पण का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि लगन ही विद्यार्थी को नई ऊंचाइयों पर ले जाती है। कार्यक्रम का संचालन डॉ. ज्योत्सना सोनी ने किया और अंत में प्रो. विकास शर्मा ने आभार व्यक्त किया। प्रकाश/27 अप्रैल 2026