राज्य
27-Apr-2026


अलीगढ़ (ईएमएस)। प्रदेश के मंत्री गन्ना विकास एवं चीनी मिलें व जनपद प्रभारी लक्ष्मी नारायण चौधरी की अध्यक्षता में सर्किट हाउस सभागार में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों, कानून-व्यवस्था एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति पर व्यापक मंथन किया गया। बैठक में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच समन्वय को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर विशेष जोर दिया गया। मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि केंद्र व प्रदेश सरकार की प्राथमिकता वाली योजनाओं आवास, शौचालय, पेंशन, स्वास्थ्य एवं स्वरोजगार का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। मंत्री द्वारा योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, निगरानी एवं नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान अधूरे एवं लंबित परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न हो और निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण किए जाएं। उन्होंने अधिकारियों से फील्ड में सक्रिय रहकर जमीनी हकीकत का आकलन करने को कहा। एसआईआर की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने बताया कि एसआईआर से पूर्व जिले में 2796379 मतदाता थे। एसआईआर के उपरांत 06 जनवरी को प्रकाशित ड्राफ्ट रोल में जिले में 520189 मतदाता घटकर 2276190 मतदाता रह गए थे। उन्होंने विधानसभावार जानकारी देते हुए बताया कि 71-खैर में 340870, 72-बरौली में 330437, 73-अतरौली में 341853, 74-छर्रा में 325962, 75-कोल में 312079, 76-अलीगढ़ में 282980 एवं 77-इगलास में 342009 मतदाता थे। बूथों पर बीएलओ, एईआरओ एवं ईआरओ द्वारा अनवरत की गई सुनवाई प्रक्रिया के पूर्ण होने के उपरांत 133983 पात्र मतदाता पाए गए जिससे अब जिले में 2410173 हैं। उन्होंने विधानसभावार जानकारी देते हुए बताया कि 71-खैर में 356103, 72-बरौली में 344136, 73-अतरौली में 358548, 74-छर्रा में 340647, 75-कोल में 342818, 76-अलीगढ़ में 310603 एवं 77-इगलास में 357318 मतदाता हैं। अंत में मंत्री ने सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर जिले के समग्र विकास को गति देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी, जवाबदेह एवं जनकेंद्रित प्रशासन ही सुशासन की पहचान है। बैठक में सांसद अनूप प्रधान, जिला पंचायत अध्यक्ष विजय सिंह, विधायक रवेंद्र पाल सिंह, राजकुमार सहयोगी, मुक्ता संजीव राजा,एमएलसी ऋषिपाल सिंह, डॉ मानवेन्द्र प्रताप सिंह, प्रो0 तारिक मंसूर, भाजपा जिलाध्यक्षकृष्ण पाल सिंह, महानगर अध्यक्ष ई0 राजीव शर्मा के साथ जिलाधिकारी अविनाश कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन, मुख्य विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार, परियोजना निदेशक डीआरडीए भाल चन्द त्रिपाठी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। ईएमएस/धर्मेन्द्र राघव/ 27 अप्रैल 2026