राष्ट्रीय
27-Apr-2026


आरोप- भाजपा समर्थकों ने लाठियों से हमला किया; सांसद और ड्राइवर घायल कोलकाता(ईएमएस)। पश्चिम बंगाल के हुगली में सोमवार को टीएमसी सांसद मिताली बाग की कार पर हमला हुआ। टीएमसी का आरोप है कि भाजपा समर्थकों ने गोगहाट में उनकी गाड़ी पर ईंट-पत्थर और लाठियों से हमला किया। मिताली बाग गोगहाट से आरामबाग में अभिषेक बनर्जी के रोड शो में शामिल होने जा रही थीं। इसी दौरान उन पर हमला हुआ। हमले में कार के शीशे टूट गए। मिताली बाग और उनके ड्राइवर को चोट आई है। घायलों को आरामबाग मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इधर, पीएम नरेंद्र मोदी ने उत्तर 24 परगना में रैली की। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में बंगाल की दशा और दिशा दोनों बदलने वाली है। यह चुनाव सिर्फ बंगाल ही नहीं, पूरे पूर्वी भारत का भविष्य तय करेगा। अतीत में जब भारत समृद्ध था, तब अंग, बंग और कलिंग यानी बिहार, बंगाल और ओडिशा इसके 3 मजबूत स्तंभ थे। आज विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए इन तीनों क्षेत्रों का मजबूत होना जरूरी है। इससे पहले रविवार रात को उत्तर 24 परगना जिले के जगदल में भाजपा और टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई। इस दौरान पत्थरबाजी, फायरिंग और देशी बम भी फेंके गए। इसमें तीन लोग घायल हुए, जबकि एक सीआईएसएफ जवान के पैर में गोली है। विनोद उपाध्याय / 27 अप्रैल, 2026