राष्ट्रीय
27-Apr-2026


प्रशासनिक सुविधाओं और विकास को मिलेगा बढ़ावा लेह(ईएमएस)। लद्दाख के लिए एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए प्रशासन ने पांच नए जिलों के गठन की अधिसूचना को मंजूरी दे दी है। इस फैसले के साथ ही क्षेत्र में जिलों की संख्या अब दो से बढक़र सात हो जाएगी। नए जिलों में नुब्रा, शम, चांगथांग, जांस्कर और द्रास शामिल हैं। यह फैसला लंबे समय से चली आ रही स्थानीय लोगों की मांग को पूरा करता है और इसे क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। यह पहल नरेंद्र मोदी के विकसित और समृद्ध लद्दाख के विजन के अनुरूप बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक इस प्रस्ताव को अगस्त 2024 में गृह मंत्रालय ने अमित शाह के नेतृत्व में पहले ही मंजूरी दे दी थी। अब अधिसूचना जारी होने के बाद इसे लागू करने की प्रक्रिया तेज हो गई है। नए जिलों के गठन से प्रशासनिक विकेंद्रीकरण को बढ़ावा मिलेगा और दूर-दराज के इलाकों में रहने वाले लोगों तक सरकारी सेवाएं तेजी से पहुंच सकेगी। साथ ही यह कदम स्थानीय स्तर पर विकास, रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर भी पैदा करेगा। लद्दाख के लोगों ने किया फैसले का स्वागत प्रशासन का कहना है कि इस फैसले से जमीनी स्तर पर शासन मजबूत होगा और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेगी। लद्दाख के लोगों ने इस निर्णय का स्वागत किया है और इसे क्षेत्र के उज्जवल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण बताया है। ज्यादा जिलों होने के बाद विकास कार्यों में तेजी देखने मिलेगी, साथ ही एक ही जिले पर पडऩे वाला भार अब कम हो जाएगा। विनोद उपाध्याय / 27 अप्रैल, 2026