नई दिल्ली(ईएमएस)। पूर्व केंद्रीय मंत्री दिनेश त्रिवेदी को बांग्लादेश में भारत का अगला उच्चायुक्त नियुक्त किया गया है। वे जल्द ही ढाका में पदभार संभालेंगे। विदेश मंत्रालय ने सोमवार को इसकी घोषणा की। त्रिवेदी वर्तमान उच्चायुक्त प्रणय वर्मा की जगह लेंगे। वर्मा को बेल्जियम और यूरोपीय संघ में भारत का अगला राजदूत बनाया गया है। अगस्त 2024 में शेख हसीना सरकार के पतन और मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व में अंतरिम सरकार बनने के बाद द्विपक्षीय संबंधों में तनाव बढ़ गया था। फरवरी 2026 में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के नेता तारिक रहमान के प्रधानमंत्री बनने के बाद रिश्तों में सुधार की प्रक्रिया शुरू हुई। भारत की ओर से लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने उनके शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लिया था। हाल ही में बांग्लादेश के विदेश मंत्री खलीलुर रहमान ने भारत दौरे पर राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मुलाकात की थी। दोनों पक्षों ने व्यापार, ऊर्जा और लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने पर चर्चा की थी। विनोद उपाध्याय / 27 अप्रैल, 2026