क्षेत्रीय
27-Apr-2026


हाथरस (ईएमएस)। जनपद में सोमवार को कृषि इनपुट से जुड़े व्यापारियों ने प्रशासनिक व्यवस्था के विरोध में हड़ताल कर दी। ‘एग्रो इनपुट डीलर एसोसिएशन’ के आह्वान पर खाद, बीज और कीटनाशक विक्रेताओं ने अपनी दुकानें बंद रखीं और सांकेतिक प्रदर्शन किया।व्यापारियों का आरोप है कि ‘क्वालिटी कंट्रोल’ के नाम पर अत्यधिक अधिकारियों को निरीक्षण का अधिकार दिए जाने से लगातार जांच और नोटिस का दबाव बना रहता है। उनका कहना है कि करीब 23 स्तर के अधिकारी निरीक्षण कर सकते हैं, जिससे मानसिक उत्पीड़न हो रहा है और व्यापार प्रभावित हो रहा है।हड़ताल के चलते शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में अधिकांश दुकानें बंद रहीं, जिससे खाद-बीज लेने पहुंचे किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई किसान बिना सामान लिए वापस लौटे।प्रदर्शन के दौरान पदाधिकारियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर ओसी कलेक्ट्रेट को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। इसमें निरीक्षण प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने, लाइसेंस नियमों में ढील देने तथा लैब टेस्टिंग और डिजिटल ऑडिट प्रणाली लागू करने की मांग की गई।व्यापारियों ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी न होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा। ईएमएस/नीरज चक्रपाणी/ 27 अप्रैल 2026