क्षेत्रीय
27-Apr-2026


हाथरस (ईएमएस)। जिला अस्पताल में एक मरीज के इलाज को लेकर लापरवाही का मामला सामने आया है। परिजनों ने लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया है कि समय पर उचित इलाज न मिलने से मरीज की हालत लगातार बिगड़ती गई।जानकारी के अनुसार गांव टुकसान निवासी मरीज को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन गंभीर स्थिति होने के बावजूद उसे उचित वार्ड में शिफ्ट नहीं किया गया। परिजनों का कहना है कि उन्हें 20 नंबर वार्ड में जाने के लिए कहा गया, लेकिन वहां भी मरीज को भर्ती नहीं किया गया।आरोप है कि हालत बिगड़ने के बाद भी डॉक्टरों और स्टाफ ने समय पर जरूरी कदम नहीं उठाए। इमरजेंसी स्थिति के बावजूद इलाज में देरी हुई, जिससे मरीज की स्थिति और गंभीर हो गई।पीड़ित परिवार का कहना है कि अगर समय पर सही उपचार मिलता तो हालत इतनी खराब नहीं होती। उन्होंने कई बार अस्पताल स्टाफ से मदद की गुहार लगाई, लेकिन उनकी बात को अनसुना किया गया।परिजनों ने पूरे मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों से कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। अब इस मामले में प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार है। ईएमएस/नीरज चक्रपाणी/ 27 अप्रैल 2026