क्षेत्रीय
27-Apr-2026


विशेषज्ञ चिकित्सों के द्वारा किया गया 95 बंदियों का किया स्वास्थ्य परीक्षण दमोह (ईएमएस)। मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार तथा प्रिंसिपल जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष सुभाष सोलंकी, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण दमोह की अध्यक्षता में जिला जेल दमोह में बंदियों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण एवं विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन जिला चिकित्सालय दमोह के सहयोग से किया गया। शिविर में जिला विधिक सहायता अधिकारी रजनीश चौरसिया, जिला चिकित्सालय दमोह से मेडीसिन विशेषज्ञ डॉ. विजय पथोरिया, नेत्र विशेषज्ञ डॉ. सुधा राय, अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. एन. के. पटैल, सर्जिकल ऑफीसर डॉ. उमेश तंतुवाय, दंत चिकित्सक डॉ. राघवेन्द्र चौधरी, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. पूजा, ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. कौशिक अधिकारी, लैब टेक्निशियन/पैरामेडीकल स्टॉफ, जेल उप अधीक्षक एम. एल. पटैल, लीगल एड डिफेंस काउंसिल मनीष नगाईच, मदन कुमार जैन, शिवानी पाराशर, ऋचा त्रिपाठी, जेल स्टॉफ एवं बंदीगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ ऑनलाईन माध्यम से न्यायमूर्ति श्री संजीव सचदेवा, मुख्य न्यायाधिपति एवं मुख्य संरक्षक, म.प्र राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के द्वारा किया गया। उक्त कार्यक्रम में केन्द्रीय जेल जबलपुर से अध्यक्ष न्यायमूर्ति श्री विवेक अग्रवाल, म.प्र. उच्च न्यायालय विधिक सेवा समिति, जबलपुर सदस्य सचिव सुमन श्रीवास्तव, म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण एवं अन्य न्यायाधीशगण भी ऑनलाईन माध्यम से सम्मिलित हुये। प्रिंसिपल जिला न्यायाधीश श्री सुभाष सोलंकी द्वारा उपस्थित बंदियों को संबोधित करते हुए कहा कि म.प्र. उच्च न्यायालय विधिक सेवा समिति जबलपुर के क्षेत्राधिकार अंतर्गत सभी जेलों में इस शिविर का आयोजन किया गया है, जिसका उद्देश्य बंदियों के अधिकारों के सरंक्षण के साथ ही उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाना व उनके प्रकरणों की अद्यतन जानकारी से उन्हें अवगत कराया जाना है। यहॉ पर समस्त लीगल एड डिफेंस काउंसिल शिविर में उपस्थित हैं, ऐसे बंदी जिनके प्रकरण में विधिक सहायता उपलब्ध कराई गयी है वे अपने प्रकरण की जानकारी की चर्चा नियुक्त अधिवक्ता से कर प्रकरण की वर्तमान स्थिति की जानकारी ले सकते हैं। साथ ही आपने उपस्थित बंदीगण को जिला चिकित्सालय दमोह से आये हुये विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम से स्वास्थ्य परीक्षण करवाये जाने एवं उनके निर्देशानुसार नियमित समय पर दवाईयों का सेवन करने की सलाह दी। स्वास्थ्य परीक्षण शिविर के माध्यम से 94 पुरूष एवं 01 महिला बंदी का स्वास्थ्य परीक्षण जिला चिकित्सालय की टीम के द्वारा किया जाकर दवाईयां वितरित की गई। कार्यक्रम का मंच संचालन जिला विधिक सहायता अधिकारी रजनीश चौरसिया द्वारा एवं आभार जेल उप अधीक्षक एम.एल पटैल के द्वारा किया गया है। ईएमएस / 27/04/2026