मौके पर परिसर में विक्रय हेतु संग्रहित वाडीलाल ब्रांड जंबो रेस्पबैरी डॉली आइसक्रीम एवं सुपर कूल रियल ऑरेंज आइस कैंडी के लिए गए नमूनें, गुणवत्ता परीक्षण हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए नमूनें दमोह (ईएमएस)। कलेक्टर प्रताप नारायण यादव के निर्देशों के तहत् खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत खाद्य सुरक्षा जांच दल द्वारा निरीक्षण कार्यवाही करते हुए दमोह शहर की आइस क्रीम एजेंसी का औचक निरीक्षण किया गया। दमोह शहर में पथरिया फाटक ओवरब्रिज के नीचे स्थित खुशनुमा सेल्स एजेंसी का निरीक्षण किया गया। उक्त खुशनुमा सेल्स एजेंसी के पास वाडीलाल ब्रांड के आइस क्रीम एवं फ्रोजन डेजर्ट की होलसेल एजेंसी है। मौके पर परिसर में संग्रहित वाडीलाल शीतल ब्रांड जंबो रेस्पबैरी डॉली आइसक्रीम एवं सुपर कूल रियल ऑरेंज आइस कैंडी के नमूनें जांच हेतु लिए गए। इन नमूनों को जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजा गया । जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। आइस क्रीम एवं फ्रोजन डेजर्ट में अंतर कैसे पहचान सकते हैं- बाजार से उपभोक्ता जब भी आइस क्रीम या फ्रोजन डेजर्ट खरीदे तो इनके पैकेट के लेबल पर इंग्रीडिएंट की अंकित जानकारी को अवश्य पढ़े। आइस क्रीम के लेबल पर इंग्रीडिएंट की लिस्ट में मिल्क या मिल्क फैट लिखा होता है। इनमें दूध के अलावा इनमें ड्राई फ्रूट्स,इलाइची, फूड कलर,शक्कर आदि की जानकारी लिखी होती है। इसका मतलब आइस क्रीम पूर्णतः दूध से बनी होती है। जबकि फ्रोजन डेजर्ट के पैकेट के लेबल पर इंग्रीडिएंट्स की लिस्ट में पानी, शक्कर ,स्किम्ड मिल्क पाउडर, पॉम ऑयल,वे जीटेबल ऑयल, लिक्विड ग्लूकोज, कलर, आर्टिफिशियल फ्लेवर आदि मिले होते हैं एवं इनकी जानकारी लेबल पर अंकित होती है। फ्रोजन डेजर्ट कम फैट ,मीडियम फैट से बनी हो सकती है। फ्रोजन डेजर्ट में फैट का स्त्रोत वेजीटेबल ऑयल होता है। आइस क्रीम एवं फ्रोजन डेजर्ट दोनों में मिल्क सॉलिड्स होते हैं। फ्रोजन डेजर्ट में वेजीटेबल ऑयल के प्रतिशत की जानकारी पैकेट के लेबल पर अंकित करना अनिवार्य होता है। ईएमएस / 27/04/2026