हाथरस (ईएमएस)। जनगणना-2027 के प्रथम चरण से पूर्व स्व-गणना की तैयारी को लेकर मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। इसमें 7 मई से 21 मई 2026 के बीच स्व-गणना कराने और ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए।जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी वीरेन्द्र कुमार ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से स्व-गणना प्रक्रिया की जानकारी दी। नागरिकों को जनगणना पोर्टल पर पंजीकरण कर ओटीपी के जरिए सत्यापन करना होगा, जिसके बाद परिवार से जुड़ी जानकारी ऑनलाइन दर्ज की जा सकेगी।बैठक में निर्देश दिए गए कि सभी खंड विकास अधिकारी ब्लॉक स्तर पर जनप्रतिनिधियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षित करें तथा ई-रिक्शा और लाउडस्पीकर के माध्यम से प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें। 7 मई को अभियान की शुरुआत करते हुए जनप्रतिनिधियों की स्व-गणना कराई जाएगी और प्रगति रिपोर्ट जनपद स्तर पर भेजी जाएगी।अधिकारियों को स्व-गणना कार्य पूरी ईमानदारी और गंभीरता से कराने के निर्देश दिए गए, ताकि जनगणना में सही आंकड़े सामने आ सकें। बैठक में संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। ईएमएस/नीरज चक्रपाणी/ 27 अप्रैल 2026