अंतर्राष्ट्रीय
27-Apr-2026


जुबा - सूडान (ईएमएस)। दक्षिण सूडान की राजधानी जुबा के बाहरी इलाके में सोमवार को एक छोटा सेसना विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सवार सभी 13 यात्रियों और पायलट की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दक्षिण सूडान के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने बताया कि प्रारंभिक जांच में खराब मौसम और कम दृश्यता को दुर्घटना का संभावित कारण माना जा रहा है। विमान सिटीलिंक एविएशन द्वारा संचालित सेसना 208 कारवां था, जो येई से जुबा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के लिए रवाना हुआ था। प्राधिकरण के अनुसार विमान ने स्थानीय समयानुसार सुबह 09:15 बजे उड़ान भरी थी, लेकिन 09:43 बजे उसका संपर्क एयर ट्रैफिक कंट्रोल से टूट गया। इसके कुछ देर बाद विमान जुबा से करीब 20 किलोमीटर दूर दुर्घटनाग्रस्त मिला। अधिकारियों ने बताया कि विमान में सवार लोगों में दो केन्याई नागरिक थे, जबकि बाकी सभी दक्षिण सूडान के नागरिक थे। दुर्घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य के लिए टीम भेजी गई है। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में विमान का मलबा आग की लपटों में घिरा दिखाई दे रहा है। हादसे के बाद प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं। सुबोध/२७ -०४-२०२६